खैरागढ़. चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते हुए छत्तीसगढ़ में मौसम को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अक्टूबर को तूफान के प्रभाव की आशंका जताई है। इसके मद्देनजर प्रदेश का जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। वहीं, स्कूलों में छुट्टी को लेकर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
शिक्षा मंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिले के मौसम और स्थानीय परिस्थितियों की समीक्षा कर स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने 28 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया था।
हालांकि, तूफान का असर आगामी दिनों में भी रहने की आशंका के बीच पड़ोसी जिलों राजनांदगांव, कवर्धा व दुर्ग में भी 29 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके विपरीत KCG जिले में 29 अक्टूबर के लिए अवकाश घोषित नहीं होने से अभिभावक सवाल उठा रहे हैं।
अभिभावकों की मांग है कि जब मौसम विभाग ने तीन दिनों तक तूफान के प्रभाव की आशंका जताई है और पड़ोसी जिलों में एहतियातन छुट्टी दी जा रही है, तो KCG जिले में भी मौसम की स्थिति की समीक्षा कर विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए अवकाश घोषित किया जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन मौसम के संभावित खतरे को देखते हुए आगे क्या निर्णय लेता है।


