खैरागढ़. विद्युत विभाग में कार्यरत एक ठेका कर्मी की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद विभागीय कर्मचारियों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू (करीब 45 वर्ष), पिता स्वर्गीय बंशीलाल साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हेमंत साहू शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर से अन्य ठेका कर्मियों के साथ कार्य के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि टोलागांव क्षेत्र में विद्युत लाइन के आसपास पेड़ कटाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे पेड़ काटते समय वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद उनके साथियों द्वारा हेमंत साहू को तत्काल जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इस हादसे के बाद विद्युत विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत लाइन के आसपास कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
वहीं प्रभारी सहायक अभियंता मदलसा विश्वकर्मा का कहना है कि जिस फीडर में पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था उसे बंद किया गया था। चूंकि विद्युत लाइन काफी लंबी है, जिस लाइन पर करंट प्रवाहित हो रहा था, पेड़ की डाल उसके संपर्क में आ गई, जिससे कर्मचारी को करंट लग गया।
हेमंत साहू लंबे समय से विद्युत विभाग में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत था और अपने व्यवहार के कारण क्षेत्र में परिचित था। अचानक हुए इस हादसे से पेंड्रीकला सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



