खैरागढ़. छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रैल को राज्य के 16 जिलों में किया जाएगा। इस परीक्षा में लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। खास बात यह है कि राज्य के सभी 33 जिलों के परीक्षार्थी इस भर्ती परीक्षा में भाग ले रहे हैं, जिससे परीक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
परीक्षा सुचारू और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए बोर्ड और प्रशासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने निर्धारित केंद्र का निरीक्षण अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, जिससे फ्रिस्किंग और पहचान पत्र सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
परीक्षा का समय सुबह 10:00 बजे से 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में समय का विशेष ध्यान रखना आवश्यक होगा।
ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र में आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है, जबकि किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने पर रोक लगाई गई है।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन साथ लाने की अनुमति होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर संबंधित अभ्यर्थी की अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
परीक्षा को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क है और सभी केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।



