खैरागढ़. जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) में अपराधियों पर नकेल कसने और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस ने विशेष 'कॉम्बिंग गश्त' अभियान चलाया। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 12:00 बजे से सुबह 04:00 बजे तक चले इस सघन अभियान में पुलिस ने पूरे शहर को खंगाल डाला। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस; शहर के मोहल्लों में मचा हड़कंप

खैरागढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नगर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक साथ दबिश दी। अभियान के तहत बरेठपारा, जमातपारा, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार, धरमपुरा, अमलीपारा, दाऊचौरा, बस स्टैंड, शिव मंदिर रोड, राज फैमिली क्षेत्र, गंजीपारा, रश्मि देवी कॉलोनी, खम्हरिया, इंदिरा आवास पारा, अटल आवास एवं पिपरिया में सघन जांच की गई।
गश्त के दौरान न केवल बदमाशों के ठिकानों को घेरा गया, बल्कि शहर के बैंकों, एटीएम, सराफा दुकानों और संदिग्ध ढाबों व लॉज की भी बारीकी से चेकिंग की गई।
फरार वारंटी विजय यादव सलाखों के पीछे
पुलिस को इस अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी जब लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी विजय यादव (30 वर्ष) को उसके निवास बरेठपारा वार्ड क्रमांक 06 से दबोच लिया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। एक अन्य वारंटी के विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई।
परिजनों को बुलाकर सौंपा: देर रात घूमने वालों की खैर नहीं

पुलिस ने अभियान के दौरान सड़क पर बेवजह घूमते पाए गए युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके परिजनों को थाने बुलाया और उन्हें सुपुर्द करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में बिना कारण देर रात घूमते पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

"अपराधियों में डर और आम जनता में विश्वास पैदा करना हमारी प्राथमिकता है। गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर हमारी पैनी नजर है। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे।" > — अनिल शर्मा, थाना प्रभारी खैरागढ़


