खैरागढ़. सेवा सहकारी समिति मर्यादित अमलीडीह कला में खाद गोदाम सह कार्यालय भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सहकारी बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, समिति कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा यहां खाद गोदाम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने किसानों को इस सौगात के लिए बधाई देते हुए कहा कि खाद गोदाम बनने से किसानों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसी क्षेत्र से उन्हें कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन हार के बावजूद उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रियता से प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से निर्वाचित विधायक की ओर से अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है और वे घर में आराम कर रही हैं।

इस दौरान विक्रांत सिंह ने ग्रामीणों को अमलीडीह से कुलीकसा तक जर्जर सड़क के निर्माण की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

केंद्रीय सहकारी बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत इसी क्षेत्र से की है। वे यहां से जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य भी रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद किसानों की सुविधा के लिए खाद-बीज प्राप्त करने और अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग उठी थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। भाजपा सरकार ने पहल करते हुए नए धान खरीदी केंद्र खोले, जिससे किसानों को राहत मिली है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को उपज के आधार पर नहीं, बल्कि रकबे के आधार पर बोनस देने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य अवैध धान को खरीदी केंद्रों तक पहुंचने से रोकना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कोचियों को अपने खातों में धान बेचने से रोकें। ऐसा कोई प्रकरण सामने आने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि धान बेचने के दौरान खरीदी केंद्र में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल जानकारी दें, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके।

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, जनपद सभापति किरण मानिकपुरी, पांडादाह मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, मंडल महामंत्री ऋषभ सिंह, रूपेंद्र वर्मा, जानकी तुलाराम साहू, रोहित वर्मा, महेंद्र वर्मा, नोडल अधिकारी योगेंद्र शर्मा, दीपक गेंड्रे, संजय साहू सहित समिति के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे। स्वागत भाषण जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने दिया तथा मंच संचालन ऋषभ सिंह ने किया।



