खैरागढ़. मौसम विभाग द्वारा 20 और 21 नवंबर को चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश की चेतावनी पहले ही जारी कर दी गई थी। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने जिला मुख्यालय खैरागढ़ के मुख्य मार्ग पर सड़क मरम्मत का काम कराया। विभाग की इस जल्दबाजी और लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि लगातार बारिश और वाहनों की आवाजाही से सड़क पर डाला गया डामर एक ही दिन में उखड़कर बिखर गया और गड्ढे फिर पहले जैसे हो गए। इतना ही नहीं, सड़क पर बिखरा डामर अब वाहन चालकों के लिए भी मुसीबत बन गया है। खासकर बाइक और साइकिल सवारों के फिसलकर गिरने और घायल होने का खतरा बढ़ गया है।

नगर के इतवारी बाजार में विभाग ने एक दिन पहले सड़क के गड्ढों को डामर से भरा था, लेकिन अगले ही दिन बारिश ने मरम्मत की पोल खोल दी। स्थिति जस की तस होने पर 20 नवंबर को दोबारा डामर डाला गया, लेकिन शाम होते-होते फिर वही हालात बन गए। इसी तरह किल्लापारा से टेंपो चौक तक मुख्य मार्ग के गड्ढों में भी डामर डालकर मरम्मत की गई, लेकिन बारिश के चलते यह काम टिक नहीं पाया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मौसम विभाग ने पहले ही 20 और 21 नवंबर को बारिश की संभावना जताई थी, तो लोक निर्माण विभाग ने मौसम सामान्य होने का इंतजार क्यों नहीं किया? क्या विभाग को यह अंदाजा नहीं था कि बारिश के दौरान किया गया मरम्मत कार्य टिक नहीं पाएगा? यदि ऐसा था तो आखिर सरकारी धन और संसाधनों को इस तरह खर्च करने की जल्दबाजी क्यों दिखाई गई?

विभाग की लापरवाही का खामियाजा अब आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। एक ओर सड़क के गड्ढे जस के तस हैं, वहीं दूसरी ओर बिखरा डामर दोपहिया और साइकिल सवारों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी केवल गड्ढों में डामर डालकर औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि सुरक्षित और टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना भी है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में जवाबदेही तय करता है या फिर सड़क मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति का सिलसिला यूं ही जारी रहता है।




