खैरागढ़. जिले में बिना वैध पंजीयन और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहे निजी क्लिनिकों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार, 20 नवंबर को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने नर्मदा, ठाकुरटोला और साल्हेवारा क्षेत्र में विभिन्न क्लिनिक, अस्पताल एवं पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह नियमों का पालन नहीं होना सामने आया। कहीं पंजीयन के लिए आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था, तो कहीं क्लिनिक संचालन के लिए प्रस्तुत डिग्री को मान्य नहीं पाया गया। निरीक्षण दल ने संबंधित संचालकों को आवश्यक निर्देश देते हुए नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान नर्मदा चौक स्थित डॉ. राकेश बख्शी के क्लिनिक की जांच की गई। उन्होंने बीएमएस की डिग्री प्रस्तुत की, लेकिन नर्सिंग होम एक्ट के तहत क्लिनिक संचालन के लिए पंजीयन आवेदन प्रस्तुत नहीं किया था। इस पर उन्हें नियमानुसार आवेदन करने के निर्देश दिए गए। इसी क्षेत्र में श्री भक्कू चंदेल द्वारा संचालित क्लिनिक के निरीक्षण में बीएमएस इलेक्ट्रोहोम्योपैथी की डिग्री प्रस्तुत की गई, जिसे क्लिनिक संचालन के लिए मान्य नहीं पाया गया। निरीक्षण दल ने उन्हें तत्काल क्लिनिक संचालन बंद करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

ठाकुरटोला में डॉ. अजय कुमार मसखरे के क्लिनिक की जांच के दौरान बी. फार्मा एवं फिजियोथेरेपी की डिग्री प्रस्तुत की गई। उन्हें नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं, पैलीमेटा स्थित डॉ. अचनलाल कुंभकार के अल्टरनेटिव पैथी क्लिनिक में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर क्लिनिक संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए।
साल्हेवारा में सुहानी क्लिनिक पर भी कार्रवाई

निरीक्षण दल ने साल्हेवारा स्थित डॉ. शेखर विश्वास द्वारा संचालित सुहानी क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। संचालक ने बीएचएमएस की डिग्री प्रस्तुत की, लेकिन नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन अथवा लाइसेंस प्राप्त करने के लिए कोई आवेदन नहीं किया था। इसके अलावा क्लिनिक में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था और साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए दल ने आगामी आदेश तक क्लिनिक का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद रखने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ लाइसेंस के लिए आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अस्पताल और पैथोलॉजी में भी मिली कमियां
साल्हेवारा में नवीन संचालित हॉस्पिटल के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में सुधार करने तथा कैजुअल्टी रूम को व्यवस्थित कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, नेशनल पैथोलॉजी लैब में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और बायोमेडिकल वेस्ट का नियमानुसार प्रबंधन एवं निष्पादन करने को कहा गया।

निरीक्षण दल में जिला नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद असलम, जिला सहायक नोडल अधिकारी डॉ. बोधन परते, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. एच.एस. साहू तथा जिला सदस्य एवं नोडल एनएचए टीम डॉ. पंकज वैष्णव शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आम नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निजी क्लिनिक, अस्पताल एवं पैथोलॉजी लैब का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण दल ने सभी संचालकों को शासन के निर्धारित नियमों और नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



