खैरागढ़. पूर्व विधायक स्वर्गीय राजा देवव्रत सिंह की जयंती के अवसर पर बुधवार को उनके समर्थकों ने नगर में श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें याद किया। इस दौरान नगर के टैंपो चौक में राहगीरों एवं आमजन के लिए शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर दिवंगत नेता को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने स्वर्गीय देवव्रत सिंह के व्यक्तित्व और जनसेवा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई। उनके कार्यों और जनहित के प्रति समर्पण को आज भी क्षेत्र की जनता याद करती है।

टैंपो चौक में आयोजित शरबत वितरण कार्यक्रम के दौरान राहगीरों को शरबत पिलाकर भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर समर्थकों ने "देवव्रत सिंह अमर रहें" के नारे लगाते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल देखने को मिला और लोगों ने उन्हें क्षेत्र का लोकप्रिय जनप्रतिनिधि बताया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजा सोलंकी, पूरन सारथी, शिवम यादव सहित स्वर्गीय देवव्रत सिंह के अनेक समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
समर्थकों ने कहा कि स्वर्गीय देवव्रत सिंह केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के सुख-दुख के साथी थे, जिनकी स्मृतियां आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।


