खैरागढ़. बीती रात नगर के तुरकारीपारा वार्ड में एक हरा-भरा नीम का पेड़ अचानक विद्युत लाइन के ऊपर जा गिरा। पेड़ के बिजली के तारों पर गिरने से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और वार्डवासियों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। सुबह विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया, जिसके बाद दिनभर की मशक्कत के बाद शाम करीब 5 बजे विद्युत सेवा बहाल हो सकी।

घटना के दौरान राहत की बात यह रही कि पेड़ जिस स्थान पर गिरा, उसके आसपास कई मकान हैं और वहां लोगों की गाड़ियां भी अक्सर खड़ी रहती हैं। इसके बावजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और सभी वाहन भी सुरक्षित रहे। पेड़ गिरने की जोरदार आवाज सुनकर वार्डवासी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
पेड़ को हटाने के लिए वार्डवासियों ने तत्काल अपने खर्च पर क्रेन बुलवाई और पेड़ को विद्युत लाइन से हटवाया। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को वहां से हटाने की कार्रवाई की।
बताया गया कि करीब आठ वर्ष पूर्व तत्कालीन पार्षद सुबोध पांडे और वार्डवासियों ने अपने कार्यकाल के दौरान इस नीम के पेड़ का पौधा लगाया था। समय के साथ यह पौधा बड़ा होकर हरा-भरा पेड़ बन गया था। वार्डवासियों के अनुसार पेड़ से लोगों की भावनाएं भी जुड़ी थीं। कई लोग प्रतिदिन पेड़ में जल अर्पित करते थे, जबकि महिलाएं नीम के पेड़ की पूजा भी करती थीं।
घटना को लेकर वार्डवासियों ने आश्चर्य जताया है। उनका कहना है कि घटना की रात न तो कोई तूफान आया और न ही तेज हवा चली, फिर भी इतना हरा-भरा पेड़ अचानक जड़ से गिर गया। इसी वजह से कुछ वार्डवासी आशंका जता रहे हैं कि किसी असामाजिक तत्व ने पेड़ की जड़ में कोई पदार्थ डालकर उसे नुकसान पहुंचाया हो, जिससे पेड़ कमजोर होकर गिर गया। हालांकि इसकी वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वार्डवासियों ने घटना के बाद निर्णय लिया है कि जिस स्थान पर यह पेड़ था, वहीं दोबारा नीम का पौधा लगाया जाएगा। उनका कहना है कि नए पौधे की देखभाल भी सामूहिक रूप से की जाएगी, ताकि वर्षों पहले लगाई गई हरियाली की परंपरा आगे भी जारी रहे।


