खैरागढ़. किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा देने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खरीदी व्यवस्था का विस्तार किया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में 21 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही केंद्रों की संख्या 51 से बढ़कर 72 हो गई है। जिले की 65 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से इन केंद्रों पर किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा।
राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन खरीदी की तैयारियों में जुटा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी केंद्रों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बारदाने की उपलब्धता, धान के सुरक्षित भंडारण और परिवहन के साथ किसानों के पंजीयन एवं राजस्व अभिलेखों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नए केंद्र खुलने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को अब धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। नजदीकी केंद्रों पर उपज बेचने से समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे। खासकर छोटे किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, केंद्रों की संख्या बढ़ने से पुराने उपार्जन केंद्रों पर दबाव कम होगा और खरीदी के दौरान भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है।




