खैरागढ़. जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में नशे से जुड़े अवैध कारोबार तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, जिसे कभी “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की पहचान के साथ जाना जाता था, आज नशे के बढ़ते प्रचलन के कारण चिंताजनक स्थिति में पहुंचता दिखाई दे रहा है।
निर्मला विजय वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कथित रूप से हानिकारक खेती और अवैध गतिविधियों की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी गतिविधियां सरकार की जानकारी या संरक्षण में चल रही हैं। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक मूल्यों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में जगह-जगह शराब दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है, जबकि कई स्थानों पर स्कूलों के बंद होने की खबरें सामने आई हैं। उनके अनुसार यह स्थिति समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए चिंताजनक है।
निर्मला विजय वर्मा ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी सजा का प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।
उन्होंने अंत में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान, संस्कृति और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के अवैध कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाना बेहद जरूरी है।

