खैरागढ़. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने आज दोपहर करीब 3 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम ऑनलाइन जारी कर दिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ई-क्लिक के माध्यम से परिणाम घोषित किए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वन मंत्री केदार कश्यप और मंडल की अध्यक्ष रेणु पिल्लै भी उपस्थित रहीं। छात्र-छात्राएं अपना परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

इस वर्ष घोषित परिणामों में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब कक्षा 12वीं में स्वामी आत्मानंद स्वर्गीय मूरत सिंह खुसरो अंग्रेजी माध्यम शाला, गंडई के छात्र वैभव रत्नाकर ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान हासिल किया। वैभव ने 500 में से 483 अंक अर्जित कर 96.60 प्रतिशत के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया।
खास बात यह है कि पूरे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से टॉप-10 में जगह बनाने वाले वैभव एकमात्र छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है। कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, जनप्रतिनिधियों तथा विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने वैभव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
वैभव रत्नाकर एक सामान्य परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता व्यासनारायण रत्नाकर उसी विद्यालय में शिक्षक हैं, जहां से वैभव ने पढ़ाई की, जबकि उनकी माता शीतला रत्नाकर गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वैभव की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
वैभव की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है। उनके इस प्रदर्शन से अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की नई दिशा मिलेगी।


