खैरागढ़/छुईखदान. जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह के जन्मदिन के अवसर पर सेवा और जनकल्याण की भावना से जिले में दो स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा छुईखदान मंडल एवं छात्र युवा मंच ने रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से प्रत्येक रक्तदाता को हेलमेट भेंट करने का भी निर्णय लिया है।
भाजपा युवा मोर्चा छुईखदान मंडल के अध्यक्ष नवीन चंद्राकर ने बताया कि 21 जुलाई (मंगलवार) को छुईखदान के बड़ा मंगल भवन, टिकरीपारा में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय जननेता विक्रांत सिंह के जन्मदिन को युवा मोर्चा ने 'सेवा पर्व' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। शिविर में 200 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हेलमेट भेंट किया जाएगा। शिविर में भाजपा के सभी मंडलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रक्तदान करने का आमंत्रण दिया गया है।
वहीं, 19 जुलाई (रविवार) को छात्र युवा मंच द्वारा ग्राम खमतराई स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में भी प्रत्येक रक्तदाता को हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि 22 जुलाई को जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह का जन्मदिन है। इस अवसर को सेवा और जनकल्याण से जोड़ते हुए भाजपा युवा मोर्चा छुईखदान मंडल तथा छात्र युवा मंच द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान महादान है और जन्मदिन को सेवा कार्यों से जोड़ने की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश देने के साथ मानवता की सेवा का भी सशक्त माध्यम बनेगी।





