खैरागढ़. जिले के ग्राम चिचोला में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत के पास पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रितेश निर्मलकर (35 वर्ष), पिता सुदर्शन निर्मलकर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, रितेश निर्मलकर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपनी साइकिल लेकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शाम के समय गांव से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर खेत में स्थित एक पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



