खैरागढ़/छुईखदान. खैरागढ़-छुईखदान विकासखंड के ग्राम आमाघाटकादा में स्वामी विवेकानंद मेमोरियल स्कूल का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान ग्राम पंचायत सूराडबरी में सीसी रोड निर्माण और प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन भी किया गया। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास की गति तेज होगी और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे दैनिक जीवन सरल होगा।

विक्रांत सिंह ने प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति के लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि केसीजी जिले में हायर सेकंडरी, हाईस्कूल और कई प्राथमिक विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में अन्य विद्यालयों के लिए भी ऐसी स्वीकृतियां मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि प्रार्थना शेड के निर्माण से विद्यार्थियों को प्रार्थना के साथ-साथ शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।
अपने संबोधन में विक्रांत सिंह ने राज्य सरकार द्वारा आयोजित ‘सुशासन तिहार’ का भी उल्लेख किया और कहा कि इस पहल के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकते हैं, जिनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने पर विक्रांत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य ज्योति जंघेल, अजय जैन, आयश सिंह, दिवाकर सोनी, सुरेंद्र जंघेल, बलराम जंघेल, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, पूर्णाचंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


