खैरागढ़. जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दिलीपपुर में शांति भंग करने, धमकी देने और मारपीट पर उतारू होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद गांव में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दिलीपपुर की आवेदिका देवकी बाई सहित अन्य ग्रामीणों ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव निवासी चुरावन उर्फ मनी वर्मा (22 वर्ष) द्वारा लगातार उपद्रव किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अशांति का माहौल बन रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी द्वारा रिपोर्ट वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोप सही पाए गए। बताया गया कि आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद करते हुए मारपीट करने की कोशिश की और आवेदिका को डराने-धमकाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा क्रमांक 18/2026 के तहत धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रकरण तैयार कर माननीय एसडीएम खैरागढ़ न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।


