खैरागढ़. जिला केसीजी के थाना साल्हेवारा क्षेत्र में पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बालिका के सुरक्षित मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी द्वारा 8 अप्रैल 2026 को थाना साल्हेवारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी 14 वर्ष 6 माह की नाबालिग पुत्री 7 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे ग्राम गोलरडीह से बिना बताए कहीं चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उसका अपहरण किया गया हो सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लगातार खोजबीन और सूचना तंत्र को सक्रिय रखा।
जांच के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर 12 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत गुम बालिका को छुईखदान-गंडई क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि बालिका की मां रोजी-रोटी के लिए नागपुर चली गई है, जिससे उसे मां की याद आ रही थी। इसी कारण वह बिना बताए अपनी सहेलियों के पास घूमने चली गई थी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी।
जिला पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



