खैरागढ़. प्रदेश में गहराते रसोई गैस संकट, कमर्शियल सिलेंडर की कमी और उससे प्रभावित जनजीवन के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार 19 मार्च 2026 को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा स्तरीय अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए “गैस सिलेंडर शव यात्रा” निकाली और इसके बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गैस की नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में आप नेताओं ने सरकार के “गैस की कोई कमी नहीं” वाले दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में गैस की कोई कमी नहीं है, तो आम नागरिकों को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा सस्ती दरों पर गैस उपलब्ध कराने के वादे को भी असफल बताया।
पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ में रसोई गैस (एलपीजी) और कमर्शियल गैस की आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं कमर्शियल गैस की कमी से होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाहर से आने वाले लोगों को भोजन तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और जहां मिल रहा है, वहां महंगे दाम चुकाने पड़ रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रदेश के कई शहरों में हजारों अप्रवासी मजदूर परिवार, जिनके पास केवल एक सिलेंडर है, उन्हें भी समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। गैस एजेंसियों में संपर्क करने के बावजूद संतोषजनक समाधान नहीं मिल रहा है।
मजबूरी में लोग लकड़ी और पारंपरिक ईंधनों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक चूल्हों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही बिजली खपत बढ़ने से भविष्य में ऊर्जा संकट की आशंका भी जताई गई। पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन की रिफिलिंग समय सीमा पर भी सवाल उठाए।
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए, वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतों के त्वरित निवारण और निगरानी तंत्र को मजबूत करने की भी मांग की गई।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो प्रदेशभर में इससे भी बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, संदीप जंघेल, राजेश मारकंडे, निलेश महोबे, तिजे राम वर्मा, श्यामलाल वर्मा, जाहिद अली, रामकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


