खैरागढ़. जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित खैरागढ़ ने तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 के भुगतान को लेकर बड़ी प्रगति दर्ज की है। यूनियन के अनुसार जिले में इस वर्ष 26,145 संग्राहकों ने 32,050.045 मानक बोरा तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया, जिसके एवज में कुल 17.62 करोड़ रुपये का संग्रहण पारिश्रमिक स्वीकृत किया गया है।

यूनियन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अब तक 26,087 संग्राहकों के बैंक खातों में 17.56 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। शेष 58 संग्राहकों के खातों में लगभग 6.56 लाख रुपये का भुगतान किया जाना बाकी है। बताया गया है कि इनमें नए पंजीकृत अथवा पूर्व में भुगतान निरस्त हुए संग्राहक शामिल हैं और उनके खातों में राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए एक और राहतभरी खबर यह है कि संग्रहण वर्ष 2023 के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन के अंतर्गत संचालित 20 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों में से 15 समितियां लाभ में रही थीं, जिन्हें कुल 1.33 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का भुगतान आज से प्रारंभ कर दिया गया है।

जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन के प्रबंध संचालक एवं मुख्य वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत का कहना है कि तेन्दूपत्ता संग्रहण से जुड़े संग्राहकों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकांश भुगतान सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित होने से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनी है। वहीं बोनस वितरण शुरू होने से लाभ में रहने वाली समितियों से जुड़े संग्राहकों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। इससे जिले के हजारों वनाश्रित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके जीवनयापन में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।


