खैरागढ़/छुईखदान. जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खुडमुड़ी स्थित बांस तालाब जंगल में जुआ खेल रहे सात लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4,580 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त कर सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम खुडमुड़ी के बांस तालाब जंगल के पास कुछ लोग रुपये का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना छुईखदान पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और योजनाबद्ध तरीके से रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कंषु जागंडे (41 वर्ष) निवासी लंझियाटोला, जीवन चेलक (44 वर्ष) निवासी बाबूनवागांव, दिनेश कुमार वर्मा (38 वर्ष), अनिल जंघेल (24 वर्ष), लालेश्वर चंदेल (32 वर्ष), नीलमणी कंवर (32 वर्ष) तथा चूर्णामणि लोधी (41 वर्ष), सभी निवासी ग्राम खुडमुड़ी, थाना छुईखदान, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के फड़ एवं उनके कब्जे से कुल 4,580 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 249/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार और गतिविधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।


