खैरागढ़. श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव एवं महाशिवरात्रि पर्व का इस वर्ष भव्य और नवाचारपूर्ण शुभारंभ होने जा रहा है। आगामी मंगलवार, 10 फरवरी को खैरा-चकनार स्थित माँ नर्मदा मंदिर से खैरागढ़ के बाबा श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर तक विशाल धार्मिक बाइक रैली निकाली जाएगी। इस रैली में 500 से अधिक बाइक सवारों के शामिल होने की संभावना है, जो श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश देगी।

आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को माँ नर्मदा मंदिर परिसर, खैरा-चकनार (गंडई) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली के अगुवाईकर्ता खम्हन ताम्रकार ने कहा कि भगवान भोलेनाथ एवं माँ नर्मदा के अनन्य भक्त बाबा श्री रूख्खड़ स्वामी की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पदयात्रा की परंपरा को बाइक रैली के रूप में विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह पहल युवा वर्ग को धार्मिक आयोजनों से जोड़ने और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगी।
हिंदू जन जागरण समिति के अध्यक्ष प्रकाश जंघेल ने क्षेत्र के धर्मप्रेमियों और शिवभक्तों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक बाइक रैली में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शिवभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करेगा तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा।

श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव एवं महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है। बैठक में जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, रामा साहू, दूजेराम वर्मा, रमेश जंघेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने रैली को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य रूप देने के लिए व्यापक तैयारियों की जानकारी भी साझा की।

