खैरागढ़. खैरागढ़-डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमलीडीह खुर्द के पास करीब 7:30 बजे डोंगरगढ़ की ओर से खैरागढ़ आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार पर अचानक पेड़ की भारी डाल गिर गई। हादसे में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार स्विफ्ट डिजायर क्रमांक CG 07 BC 8100 में चालक के रूप में केवल पटवारी दिव्यांश राजपूत sवार थे, जो डोंगरगढ़ से खैरागढ़ लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसी दौरान पुराने टायरों से भरा एक ट्रक डोंगरगढ़ मार्ग से खैरागढ़ की ओर आ रहा था। ट्रक में क्षमता से अधिक टायर लोड होने के कारण वाहन सड़क किनारे झुकी हुई पेड़ की डाल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ की भारी डाल टूटकर ट्रक के ठीक पीछे चल रही स्विफ्ट डिजायर पर जा गिरी।

हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह दब गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार की पिछली सीट पर कोई व्यक्ति बैठा होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। चालक दिव्यांश राजपूत बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के ऊपर गिरी पेड़ की डाल को हटवाया। बाद में क्षतिग्रस्त कार और संबंधित ट्रक दोनों को खैरागढ़ थाना लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में घटना के बाद प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। वार्डवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि सड़क किनारे स्थित यह पेड़ लंबे समय से दुर्घटना को न्योता दे रहा था। पेड़ की झुकी और सूखी डाल को हटाने की मांग कई बार प्रशासन से की गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
बता दें कि यह मुख्य सड़क खैरागढ़ को डोंगरगढ़ व मध्यप्रदेश से जोड़ती है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन और आम नागरिक आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क किनारे खतरनाक स्थिति में मौजूद पेड़ और उसकी सूखी झुकी डाल को लगातार नजरअंदाज किया जाना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ की छंटाई या हटाने की कार्रवाई कर दी जाती तो आज यह हादसा नहीं होता।
स्थानीय नागरिकों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क किनारे खतरनाक पेड़ों और झुकी डालियों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।



