खैरागढ़. शराब नीति प्रकरण में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को अदालत द्वारा बरी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र, न्याय और संविधान की जीत करार दिया है।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, देवलाल नरेटी और अभिषेक मिश्रा सहित जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि यह केवल दो नेताओं की नहीं, बल्कि सच्चाई और ईमानदार राजनीति की ऐतिहासिक विजय है। उनका आरोप है कि पार्टी के शीर्ष नेताओं को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मामलों में फंसाया गया था, लेकिन न्यायालय के फैसले ने सच्चाई को सामने ला दिया।

खैरागढ़ में इस निर्णय के बाद राजीव चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी और खुशी जाहिर की। इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, संतोष यादव, नीलेश सोनी और ब्लॉक अध्यक्ष संदीप जंघेल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यह फैसला लोकतांत्रिक मूल्यों और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास को और मजबूत करने वाला है।



