खैरागढ़. झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मंजीत सिंह ठाकुर ने छत्तीसगढ़ में एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही खबरों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी रसोई गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
मंजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया और बाजार में एलपीजी स्टॉक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में अनावश्यक चिंता का माहौल बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य स्तर पर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सहित सभी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण मौजूद है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर इन अफवाहों को हवा देकर प्रदेश में भ्रम और घबराहट का माहौल बना रहा है। इसका असर यह हो रहा है कि कई उपभोक्ता एहतियातन अतिरिक्त गैस सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कृत्रिम कमी जैसी स्थिति दिखाई देने लगती है।
मंजीत सिंह ने कहा कि यह मानव स्वभाव है कि किसी वस्तु की कमी की चर्चा होते ही लोग जरूरत से ज्यादा भंडारण करने लगते हैं, जबकि वास्तविकता में ऐसा नहीं होता। उन्होंने प्रधानमंत्री के वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि देश और प्रदेश दोनों स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
विपक्ष के रवैये की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली राजनीति उचित नहीं है। “अगर कोई व्यक्ति अपने घर की कमी को सार्वजनिक करता है, तो वह अपने ही परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है। ठीक उसी तरह छत्तीसगढ़ को लेकर गलत संदेश देना प्रदेश की छवि खराब करने जैसा है,” उन्होंने कहा।
अंत में मंजीत सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, धैर्य और संयम बनाए रखें तथा जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और अनुशासन से ही ऐसी स्थितियों से निपटा जा सकता है।


