खैरागढ़. राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गठन के करीब ढाई वर्षों बाद राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलती दिखाई दे रही है। नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्णिमा साहू और उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने पदभार मिलने के बाद शुक्रवार को पांडादाह पहुंचकर भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

पांडादाह प्रवास के दौरान दोनों पदाधिकारियों का जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों से परिचय प्राप्त किया और मंदिर परिसर के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। अध्यक्ष पूर्णिमा साहू ने स्पष्ट किया कि मंदिर के समग्र विकास, सुविधाओं के विस्तार और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

मीडिया से चर्चा में पूर्णिमा साहू ने सबसे पहले भगवान जगन्नाथ और रानी स्व. सूर्यमुखी देवी को नमन करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा और प्राथमिकता वाले कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।

वहीं उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने अपनी नियुक्ति को संगठन का विश्वास बताते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को मिली यह बड़ी जिम्मेदारी उनके लिए प्रेरणा है। उन्होंने भरोसा जताया कि वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं के उत्साह के समन्वय से न्यास बेहतर कार्य करेगा।
अपने दौरे के दौरान अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पांडादाह के बाजार चौक स्थित ठाकुर जुगल किशोर मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने राधा-कृष्ण के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




