खैरागढ़. इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ को विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त 55 सीटर वातानुकूलित (एसी) बस को सोमवार को माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमेन डेका ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के आवागमन में महत्वपूर्ण सुधार आने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने पूर्व में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन से एसी बस और एम्बुलेंस की मांग की थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शासन ने दोनों सुविधाओं को स्वीकृति प्रदान की। बस विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दी गई है, जबकि एम्बुलेंस सेवा भी जल्द शुरू होने वाली है।

बस के विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
नई बस सेवा शुरू होने से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और राज्य के बाहर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने जाते हैं। अब उनका सफर अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक हो सकेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह सुविधा न केवल विद्यार्थियों के आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि संस्थान की सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगी।
कार्यक्रम के दौरान सहायक कुलसचिव विजय सिंह, प्रभारी कुलपति सचिवालय सी.पी. गायकवाड़, सहायक प्राध्यापक डॉ. मंगलानंद झा, राजेंद्र सिंह, अमित सिंह, प्रखर सिंह सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




