रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के बड़े रोमांच का गवाह बनने जा रही है। शहर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो हाई-वोल्टेज मुकाबलों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हालांकि इस बार मैचों से ज्यादा चर्चा टिकटों की कीमतों को लेकर हो रही है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मैचों के लिए टिकट दरें लगभग तय कर ली गई हैं। सामान्य दर्शकों के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 2000 रुपये रखी गई है। इसके अलावा 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपये तक की श्रेणियां भी निर्धारित की गई हैं। खास बात यह है कि छात्रों के लिए भी टिकट दर 2000 रुपये ही तय की गई है, जिससे उन्हें कोई विशेष राहत नहीं मिल रही।
वहीं, प्रीमियम अनुभव के लिए कीमतें और भी ऊंची हैं। सिल्वर श्रेणी की टिकट 20 हजार रुपये, गोल्डन श्रेणी की 30 हजार रुपये और प्लेटिनम श्रेणी की टिकट 40 हजार रुपये तक हो सकती है। इसके अलावा विशेष कक्ष (कॉर्पोरेट बॉक्स) का आनंद लेने के लिए भी दर्शकों को लगभग 30 हजार रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।
स्टेडियम में 10 मई को बेंगलुरु और मुंबई के बीच मुकाबला होगा, जबकि 13 मई को बेंगलुरु का सामना कोलकाता से होगा। दोनों ही मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
एक ओर जहां इन मुकाबलों को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर टिकटों की ऊंची कीमतें आम दर्शकों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि महंगे टिकटों के बावजूद स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरता है या नहीं।




