धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक कथित प्रेम प्रसंग का अंत खौफनाक हत्याकांड में हुआ। केरेगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीह गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शंकर सूर्यवंशी (40) निवासी दलौदा तहसील, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी योगेंद्र सोरी (38) बाजार कुर्रीडीह गांव में साइकिल स्टैंड का व्यवसाय करता है, जबकि उसकी पत्नी पूर्णिमा सोरी आंगनबाड़ी सहायिका है।
रॉन्ग नंबर से हुई पहचान, फिर प्रेम संबंध में बदली बातचीत
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक वर्ष पहले पूर्णिमा सोरी की शंकर सूर्यवंशी से एक रॉन्ग नंबर के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नियमित बातचीत, चैटिंग और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा, जो कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गया। पुलिस के मुताबिक शंकर कई बार धमतरी आकर पूर्णिमा से मिल चुका था।
करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो छोटी बेटियों के साथ मंदसौर स्थित शंकर के घर भी चार से पांच दिन तक रुकी थी। उस दौरान पति योगेंद्र सोरी ने पत्नी के लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। बाद में पूर्णिमा वापस घर लौट आई थी।
रिश्तेदार बताकर घर में ठहराया
बताया गया कि 8 जुलाई की शाम करीब 7 बजे शंकर एक बार फिर बाजार कुर्रीडीह स्थित पूर्णिमा के घर पहुंचा। पूर्णिमा ने पति से उसका परिचय रिश्तेदार के रूप में कराया और उसे घर में ही ठहरा दिया। रात में पति-पत्नी, उनकी दो बेटियां और शंकर ने साथ भोजन किया। इसके बाद सभी एक ही हॉल में सो गए।
रात तीन बजे खुली नींद, फिर हुआ खूनी हमला
रात करीब तीन बजे योगेंद्र सोरी की नींद खुली। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और शंकर को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इससे वह गुस्से में आ गया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सो रहे शंकर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शंकर खून से लथपथ हो गया।
घटना के बाद पूर्णिमा ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और शंकर को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कुल्हाड़ी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई। आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए मंदसौर भेजा गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
एसपी ने की पुष्टि, पहले भी हुआ था समझौता
धमतरी के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब एक वर्ष से दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, गांव के सरपंच नरेश कुमार मरकाम के अनुसार इस संबंध को लेकर पहले भी गांव में समझौता कराया गया था, लेकिन विवाद दोबारा बढ़ गया और आखिरकार घटना ने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


