खैरागढ़. जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम बरबसपुर में बुधवार शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर चंगुर्दा निवासी ईश्वर लाल नेताम (54 वर्ष) और प्रवीण यादव (26 वर्ष) सवार थे। टक्कर में ईश्वर लाल नेताम को हल्की चोटें आई हैं, जबकि प्रवीण यादव को दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी है।
दूसरी बाइक पर भेलवाटोला निवासी विजय कुमार (32 वर्ष) और जितेंद्र (31 वर्ष) सवार थे। इस बाइक के दोनों सवारों को भी गंभीर चोटें आई हैं। विजय कुमार के दाहिने घुटने में गंभीर चोट आई है, जबकि जितेंद्र के दाहिने पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रवीण यादव, विजय कुमार और जितेंद्र की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वहीं ईश्वर लाल नेताम का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

