छुईखदान. पर्यावरण संरक्षण और गांव में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत छुईखदान अंतर्गत ग्राम पंचायत साखा में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच श्री कंपिनाथ महोबिया के नेतृत्व में गांव के स्कूल भवन परिसर में पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, पंचगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए स्कूल परिसर में पौधे लगाए। इस दौरान पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में वृक्ष का रूप लेकर गांव को हरा-भरा बनाने में योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए ग्रामीणों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली का आधार नहीं, बल्कि स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी जरूरी हैं।
सरपंच कंपिनाथ महोबिया ने कहा कि “प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है।” उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने का आह्वान किया। ग्राम पंचायत साखा का यह अभियान ग्रामीण स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश देता नजर आया।


