खैरागढ़/छुईखदान. परियोजना छुईखदान अंतर्गत ग्राम खौड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों और हितग्राहियों ने सक्रिय सहभागिता की। आयोजन के दौरान पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में ‘मेरी पोषण थाली’ का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा न्योता भोज का आयोजन भी हुआ। वहीं ‘हर घर मुनगा अभियान’ के तहत ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को घर-घर मुनगा का पौधा लगाने और नियमित रूप से उसकी पत्तियों एवं फलियों का उपयोग भोजन में करने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा में पाए जाने वाले विभिन्न पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसे परिवार के दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र समुदाय की सहभागिता का माध्यम
जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल ने आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों और माताओं को सेवाएं देने का स्थान नहीं, बल्कि समुदाय की सहभागिता से पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा बच्चों एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए जनसहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने विशेष रूप से ‘हर घर मुनगा अभियान’ को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर में मुनगा का पौधा लगाए और उपलब्ध होने पर इसकी पत्तियों एवं फलियों का भोजन में उपयोग करे। इससे स्थानीय स्तर पर पोषणयुक्त आहार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
कार्यकर्ताओं को साड़ी, बच्चों को मिले खिलौने
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए उन्हें साड़ी भेंट की। वहीं ग्राम सरपंच द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए खिलौने भेंट किए गए। जनप्रतिनिधियों के इस सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों को और बेहतर बनाने में सहायता मिलने की बात कही गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उमा चौबे, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंजली, जनपद सदस्य रिखीराम, ग्राम सरपंच एवं उपसरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल, परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे एवं सेक्टर पर्यवेक्षक पूजा वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में ग्राम खौड़ा, मुंडाटोला, सर्राकपा एवं भूर्सटोला के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गर्भवती एवं शिशुवती माताएं, बच्चे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच समन्वय मजबूत करने, जनसहयोग बढ़ाने तथा ‘हर घर मुनगा’ के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।


