खैरागढ़. शहर कांग्रेस कमेटी केसीजी में बहुप्रतीक्षित कार्यकारिणी गठन के बाद अब पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का औपचारिक बंटवारा कर दिया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर के निर्देशानुसार जारी इस कार्य विभाजन आदेश के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज द्वारा जारी आदेश में नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए शुभकामनाएं दी गई हैं। आदेश के अनुसार, दीपक देवांगन को महामंत्री संगठन एवं प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि शेखर दास वैष्णव को महामंत्री मीडिया के पद पर नियुक्त किया गया है।
डॉ. भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ करेंगे, जिससे पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
यह कार्य विभाजन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसकी प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी अध्यक्ष को भी प्रेषित की गई है।
स्थानीय राजनीतिक गलियारों में इस निर्णय को संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जिम्मेदारियों को लेकर उत्साह का माहौल है और आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों के और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।



