छुईखदान/गंडई. क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान एवं गंडई में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा की अध्यक्षता में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पतालों की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने समिति के सदस्यों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पतालों की वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं मिलना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उपचार व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

बैठक के पश्चात विधायक श्रीमती वर्मा ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, उपचार व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

बैठक में जीवनदीप समिति के सदस्यों, चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने अस्पतालों की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।



