खैरागढ़. केसीजी जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम झुरानदी में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं जुआ फड़ से नगदी 2360 रुपये और 52 पत्ती ताश जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झुरानदी में नदी किनारे स्थित आम बगीचे के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना छुईखदान पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की, जहां कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए जुआ खेलते पाए गए। पुलिस टीम को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों में पुरन वर्मा पिता भिखम वर्मा, उम्र 27 वर्ष; अभिषेक वर्मा पिता पंकज वर्मा, उम्र 25 वर्ष; अशोक मेश्राम पिता अरुण मेश्राम, उम्र 52 वर्ष; प्रदीप कुमार उके पिता अरुण उके, उम्र 35 वर्ष; सुनील नेताम पिता गोविंद राम नेताम, उम्र 30 वर्ष तथा अजय रजक पिता रामकुमार रजक, उम्र 25 वर्ष शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम झुरानदी, थाना छुईखदान, जिला केसीजी (छत्तीसगढ़) के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से कुल 2360 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
जिला पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए जुआ, सट्टा और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।


