खैरागढ़. जिले के जालबांधा क्षेत्र में हुई किराना दुकान चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को ग्राम शेरगढ़ निवासी नक्तु प्रसाद साहू (50 वर्ष) ने पुलिस चौकी जालबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम जालबांधा के बिजेतला चौक स्थित उनकी साहू किराना दुकान का अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर चोरी कर ली। आरोपियों ने दुकान से सिगरेट, गुटखा-पाउच, बिस्किट, वाई-फाई उपकरण, डीवीआर मशीन सहित करीब 40 हजार रुपये मूल्य के सामान और नगदी पार कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने छुईखदान निवासी सोहन मंडावी और नवागांव निवासी महेंद्र साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सामान के संबंध में साक्ष्य जुटाए और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(2), 305(क) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। इसके बाद 28 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी और सक्रियता के चलते अपराधियों पर शिकंजा कसने का काम जारी है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।




