खैरागढ़. पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को सामाजिक सरोकार से जोड़ने की दिशा में बर्थ डे पार्क, अमलीपारा में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। सेवानिवृत्त शिक्षिका सरोजनी श्रीवास्तव के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी बहन विनोदिनी श्रीवास्तव ने पौधारोपण कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधारोपण को केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प बताया। वक्ताओं ने कहा कि यदि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक अवसरों पर पौधे लगाए जाएं और उनकी नियमित देखभाल की जाए तो पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी पहुंचेगा।

कार्यक्रम में पौध संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे सेवाभावी प्रणय महोबे, गोविन्द सोनी, शक्ति यादव, राजू यादव एवं प्रभात यादव भी मौजूद रहे। सभी ने लगाए गए पौधे के संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों से जीवन के विशेष अवसरों को पौधारोपण से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सेवानिवृत्त शिक्षिका सरोजनी श्रीवास्तव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश दिया।





