खैरागढ़. जिले के नागरिकों को कैंसर की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 नवंबर, बुधवार को खैरागढ़ के सरकारी अस्पताल में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर और खैरागढ़ सिविल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा।
शिविर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. बबलेश महावर, डॉ. नवीन जैन एवं डॉ. रूचिर धाकड़ मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देंगे। इस दौरान सिर एवं गर्दन के कैंसर, विभिन्न प्रकार के ट्यूमर तथा कैंसर से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर में कैंसर के संभावित लक्षणों की शीघ्र पहचान, आधुनिक उपचार पद्धतियों और दर्द निवारण से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी, ताकि मरीज समय रहते उचित उपचार के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। इसके अलावा, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र मरीजों को नियमानुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि कैंसर संबंधी लक्षणों या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोग शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं। पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए निखिलेश बोरकर से मोबाइल नंबर 84355 49571 पर संपर्क किया जा सकता है।


