खैरागढ़. चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ के साथ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी देखने को मिल रहा है। एहतियात के तौर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 28 और 29 अक्टूबर को सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं, 30 अक्टूबर को भी चक्रवात का प्रभाव रहने की संभावना के बीच कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। लगातार छुट्टियों से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों के नाम संदेश जारी कर विशेष अपील की है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर भी पांच दिनों का अवकाश रहेगा, जबकि आगामी 15 दिसंबर तक पूरा पाठ्यक्रम पूरा करना है। एक दिसंबर से छमाही परीक्षाएं और फरवरी में वार्षिक परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके बाद एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होना है। ऐसे में निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करना चुनौती बन गया है।
छुट्टी में भी स्कूल की दिनचर्या अपनाएं बच्चे
DEO ने अभिभावकों से अपील की कि छुट्टियों में भी बच्चों को स्कूल के निर्धारित समय पर यूनिफॉर्म पहनकर तैयार होने और यह मानकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करें कि वे स्कूल में ही हैं। स्कूल के पूरे निर्धारित समय तक घर पर अध्ययन करें, ताकि पढ़ाई की निरंतरता बनी रहे।
उन्होंने प्राचार्यों को शिक्षकों से वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कराने, विद्यार्थियों को गृहकार्य देने और ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था करने के निर्देशित करने को कहा, ताकि छुट्टियों के बावजूद पाठ्यक्रम समय पर पूरा किया जा सके।


