खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी कड़ी में जालबाँधा पुलिस चौकी ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 10.620 लीटर अवैध शराब, परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल सहित 1,00,920 रुपये का मशरूका जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई शेरगढ़ तिराहा, पोटिया में की गई। यहां घेराबंदी कर मनीराम लहरे (40 वर्ष), निवासी ग्राम बाजार अतरिया, थाना खैरागढ़ को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 30 पौवा 20-20 डिलक्स व्हिस्की अंग्रेजी शराब (कुल 5.400 लीटर) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,600 रुपये है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AB 4828, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त की गई। इस मामले में जालबाँधा चौकी में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई जालबाँधा नहर के पास कच्ची सड़क पर की गई, जहां पुलिस ने बॉबी रजक (23 वर्ष), निवासी ग्राम बाजार अतरिया, थाना खैरागढ़ को गिरफ्तार किया। उसके पास सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 29 पौवा शोले देशी प्लेन शराब (कुल 5.220 लीटर) मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 2,320 रुपये है। आरोपी के कब्जे से शराब परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AJ 2782, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये है, जब्त की गई। इस संबंध में अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों प्रकरणों में कुल 10.620 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत 5,920 रुपये, तथा 95 हजार रुपये मूल्य की दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। कुल मिलाकर 1,00,920 रुपये का मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


