खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुंदेली में कक्षा नवमीं में अध्ययनरत छात्राओं को सायकलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां छात्राओं के चेहरों पर नई उम्मीद और खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि कन्या शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन यह दूरदर्शी योजना संचालित कर रहा है। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और वे बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां ही भविष्य के सशक्त समाज का निर्माण करेंगी और ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के स्वरूप को साकार करेंगी।
इस अवसर पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अशोक पाल, ग्राम पंचायत के सरपंच दिवाकर सोनी तथा समिति के सदस्यों की उपस्थिति में छात्राओं को निःशुल्क सायकलों का वितरण किया गया। सायकल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सी.आर. श्रीवास, व्याख्याता डॉ. सियाराम साहू, चंद्रेश जंघेल, प्रियंका श्रीवास्तव, रमेश मंडावी, वर्षा साहू, तनुजा नागदेवे, रितेश वर्मा सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।


