खैरागढ़. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के तहत गुरुवार को जिला मुख्यालय खैरागढ़ स्थित सांस्कृतिक भवन में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद के संयुक्त तत्वावधान में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी और छोटे व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पीएम स्वनिधि योजना की विशेषताओं और लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना रेहड़ी-पटरी, ठेला एवं छोटे व्यवसाय संचालित करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के आसान और किफायती ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2020 में शुरू की गई थी। योजना की सफलता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसका विस्तार मार्च 2030 तक कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत प्रथम चरण में ₹10,000 तक का ऋण एक वर्ष के लिए दिया जाता है। समय पर भुगतान करने वाले हितग्राहियों को दूसरे चरण में ₹25,000 तक तथा तीसरे चरण में ₹50,000 तक का ऋण प्राप्त करने का अवसर मिलता है। नियमित अथवा समय पूर्व ऋण चुकाने पर लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है। इसके अलावा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह ₹50 से ₹100 तक कैशबैक की सुविधा भी उपलब्ध है।
शिविर में यह भी बताया गया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी प्रकार की जमानत या अतिरिक्त गारंटी की आवश्यकता नहीं होती। शहरी क्षेत्रों में व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स स्थानीय निकाय द्वारा जारी वेंडिंग प्रमाण-पत्र (सीओवी) अथवा पहचान पत्र के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। जिनके पास प्रमाण-पत्र नहीं है, उन्हें स्थानीय निकाय की अनुशंसा (एलओआर) के आधार पर भी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। आवेदन जनसमर्थ पोर्टल, पीएम स्वनिधि पोर्टल अथवा किसी भी सरकारी और निजी बैंक के माध्यम से किया जा सकता है।
शिविर के दौरान मौके पर ही 22 हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरे गए, जिनमें से 12 हितग्राहियों को तत्काल ऋण स्वीकृत कर वितरित किया गया। इससे लाभार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को कारोबार शुरू करने या बढ़ाने के लिए पहले ऊंची ब्याज दरों पर उधार लेना पड़ता था तथा ऋण लेने की प्रक्रिया भी जटिल होती थी, लेकिन पीएम स्वनिधि योजना ने उनके लिए नई राह खोली है। बिना गारंटी ऋण की सुविधा छोटे व्यापारियों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। उन्होंने सभी पात्र व्यापारियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, विकेश गुप्ता, पार्षद एवं सभापति विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, देवीन कोठले, नंद चंद्राकर, हर्षवर्धन वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।


