खैरागढ़. ठेलकाडीह में स्कूल छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही शिक्षिका और दो छात्राओं को नशे में तेज रफ्तार इको वैन से कुचलने के मामले में ठेलकाडीह पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। हादसे में शिक्षिका की मौत के बाद पूरे जिले में गहरी संवेदना के साथ आक्रोश का माहौल था। एक दिन पहले ही जिले के शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे ठेलकाडीह स्कूल की छुट्टी के बाद प्रार्थी की दो पुत्रियां दुगेश्वरी विश्वकर्मा और देवकी विश्वकर्मा अपनी शिक्षिका किरण तिवारी, निवासी राजनांदगांव, के साथ बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान डुमरीडीहकला की ओर से आ रही इको वैन क्रमांक CG 07 CJ 3862 के चालक ने भीड़भाड़ वाला स्थान जानते-देखते हुए शराब के नशे में अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाकर तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर चोट लगने से शिक्षिका किरण तिवारी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इको वैन जब्त कर आरोपी चालक डोमेश्वर उर्फ दादू यादव (30) पिता नंदकुमार, निवासी वार्ड क्रमांक 03, मठपारा गया नगर, थाना कोतवाली, जिला दुर्ग को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 105 एवं 110 बीएनएस के तहत गैर-इरादतन हत्या एवं गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


