खैरागढ़. शराब जैसे सामाजिक बुराई वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ठेलकाडीह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 53 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा 9.540 बल्क लीटर और कीमत 4,240 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराधों की रोकथाम एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठेलकाडीह दुकान के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की। यहां आरोपी अनिल जांगड़े (36) पिता स्व. होलहार जांगड़े, निवासी ठेलकाडीह, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी के कब्जे से सफेद रंग की बोरी में रखे 53 पौवा शोले/शेरा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। प्रत्येक पौवा में 180-180 एमएल शराब भरी थी।
पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 181/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को 3 अक्टूबर को माननीय जेएमएफसी न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की रोकथाम के साथ जुआ, सट्टा, गांजा और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में थाना ठेलकाडीह पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


