खैरागढ़/साल्हेवारा. जिला केसीजी पुलिस ने पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से चार भैंसों को बरामद किया है। मवेशियों को बिना चारा-पानी के वाहन में ठूंसकर तिरपाल से ढककर नागपुर की ओर कत्लखाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड में भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को थाना साल्हेवारा में मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में मवेशियों को अवैध रूप से भरकर नागपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने आबकारी चेक पोस्ट ग्राम खादी में नाकाबंदी की। कुछ देर बाद वाहन क्रमांक CG-04-LW-0483 को रोककर जांच की गई। वाहन में चार भैंसे क्रूरता पूर्वक भरे मिले।
वाहन में मौजूद लोगों से पशुओं की खरीदी-बिक्री एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में मवेशियों को बिना चारा-पानी के ठूंसकर तथा तिरपाल से ढककर परिवहन करना पाया गया।
पुलिस ने चार भैंसे (अनुमानित कीमत ₹80 हजार), पिकअप वाहन (लगभग ₹7 लाख) और मोबाइल फोन (₹8 हजार) समेत कुल ₹7.88 लाख की संपत्ति जब्त की है।
मामले में थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 41/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण संशोधन अधिनियम 2011 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार धुर्वे (20), पिता भगवान सिग, निवासी नेवासपुर, थाना रेंगाखार, जिला कबीरधाम है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को भी मामले में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


