खैरागढ़. आगामी गणेश विसर्जन एवं झांकी आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए केसीजी पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित विवाद, उपद्रव और शांति भंग की स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे आदतन अपराधियों एवं उपद्रवियों को चिन्हांकित कर 11 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार भोजराज पटेल उर्फ भोला पिता दिनेश पटेल, अमन रजक उर्फ फनिश पिता अजीत रजक, त्रिभुवन धुर्वे उर्फ मुंडा गोलू पिता स्व. शत्रुघ्न धुर्वे, राजा सारथी उर्फ चंदन पिता राजेश सारथी, दिनेश साहू पिता सोनसाय साहू, मनीष यादव पिता अशोक यादव, सचिन रजक पिता स्व. शंकर रजक, पवन चंद्राकर पिता चिंताराम चंद्राकर, कृष्णा नेताम पिता अगनू नेताम, गोपाल यादव उर्फ संजू यादव पिता थानसिंह यादव तथा विकास तापड़िया पिता अशोक तापड़िया के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
इन सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
गणेश विसर्जन एवं झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, झांकी मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों और विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग भी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील
केसीजी पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव को शांति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या उपद्रव की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


