खैरागढ़/छुईखदान. शासकीय प्राथमिक शाला पदमावतीपुर में अज्ञात चोरों ने स्कूल की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर 23 और 24 सितंबर की दरम्यानी रात विद्यालय में घुसे और एम्प्लीफायर, यूनिट व माइक्रोफोन समेत करीब 8 हजार रुपए का सामान पार कर ले गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने थाना छुईखदान में सूचना देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

बताया गया कि चोरी हुआ एम्प्लीफायर सेट, यूनिट और माइक्रोफोन महज तीन दिन पहले ही खैरागढ़ से खरीदा गया था। विद्यालय में नया सामान आने के कुछ ही दिनों बाद चोरी की घटना होने से स्कूल प्रबंधन में चिंता का माहौल है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर विद्यालय भवन में प्रवेश किया और वहां रखा एम्प्लीफायर, यूनिट तथा माइक्रोफोन लेकर फरार हो गए। घटना का पता चलने के बाद इसकी सूचना थाना छुईखदान को दी गई। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात चोरों का पता लगाने, चोरी गए सामान को बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।


