खैरागढ़. जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग ने गंडई, छुईखदान और खैरागढ़ वृत्त में तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। इन मामलों में कुल 23.12 लीटर मदिरा जब्त की गई है। कार्रवाई में एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार 8 सितंबर 2026 को गंडई वृत्त में पंडरिया गंडई क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नीरू बाई पति स्माइल खान के कब्जे से 34 नग पाव देशी मदिरा प्लेन, कुल 6.120 बल्क लीटर बरामद की गई। मामले में धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई एवं विवेचना आबकारी उप निरीक्षक विजयेंद्र कुमार द्वारा की गई।
इसी क्रम में 9 सितंबर को छुईखदान वृत्त के गर्रा, थाना मोहगांव क्षेत्र में सरवन पिता नोहर सिंह, जाति गोंड, उम्र 58 वर्ष, निवासी गर्रा के कब्जे से 10 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई की विवेचना भी आबकारी उप निरीक्षक विजयेंद्र कुमार ने की।
वहीं 10 सितंबर को खैरागढ़ वृत्त में थाना खैरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी निवासी हुकुम कवर के कब्जे से 7 लीटर हाथभट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। मामले में धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसकी विवेचना आबकारी उप निरीक्षक प्रियंक ठाकुर ने की। आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।


