खैरागढ़. नवरात्र पर्व को लेकर जिला मुख्यालय खैरागढ़ में इस वर्ष भी उत्सव और भक्ति का रंग चढ़ने जा रहा है। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार नगर में क्षेत्रभर में प्रसिद्ध रास गरबा महोत्सव का आयोजन 13, 14 और 15 अक्टूबर को हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक चलेगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी।
नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अगुवाई में होने वाले इस आयोजन को लेकर समिति स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतिभागियों के लिए मिनी, जूनियर और सीनियर ग्रुप के साथ फ्री ग्रुप का विकल्प रखा गया है। फ्री ग्रुप में किसी भी उम्र के महिला-पुरुष अपनी टीम बनाकर गरबा में हिस्सा ले सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने बताया कि रास गरबा महोत्सव में हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नवरात्र का यह आयोजन पूरे नगर के लिए सामूहिक उत्सव बन सके।
वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि पदुम लाल पुन्नलाल बख्शी स्कूल के प्रांगण से शुरू हुआ रास गरबा महोत्सव आज भव्य स्वरूप ले चुका है। खैरागढ़ के इस आयोजन ने पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। तीन दिनों तक चलने वाले आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की।
20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव
रास गरबा महोत्सव के बाद 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव भी भव्य रूप से मनाया जाएगा। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार राम-लक्ष्मण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन किया जाएगा। नवरात्र से दशहरा तक होने वाले इन आयोजनों को लेकर खैरागढ़ में इस बार भी उत्साह का माहौल बनने लगा है।


