खैरागढ़. ग्राम सिंगारपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा सोशल मीडिया जिला सह संयोजक वंदना टांडेकर, ठेलकाडीह मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे और क्षेत्र की जनपद सदस्य मंजू चतुर्वेदी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सरपंच, उपसरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भारती दुबे एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा केंद्र की गतिविधियों में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना रहा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में ‘हर घर मुनगा अभियान’ के तहत ग्रामीणों और हितग्राहियों को अपने घरों में मुनगा के पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा की पत्तियों एवं फलियों में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इन्हें नियमित भोजन में शामिल करने की अपील की गई। इस अवसर पर मुनगा पौधरोपण भी किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के स्वस्थ विकास, पोषण और स्वास्थ्य के साथ आंगनबाड़ी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनसहयोग और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया गया।


