खैरागढ़. नवगठित जिला खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) गातापार नाका ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है, जो ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में गुणवत्तापूर्ण एवं मानकीकृत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
यह प्रमाणन इस बात का संकेत है कि गातापार नाका PHC ने मरीजों को सुरक्षित, सम्मानजनक और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निर्धारित राष्ट्रीय मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया है। खास बात यह है कि यह सफलता ऐसे क्षेत्र में मिली है, जहां भौगोलिक चुनौतियों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सेवा गुणवत्ता, मरीज सुरक्षा, स्वच्छता और संस्थागत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
कठोर मानकों पर हुआ मूल्यांकन
NQAS प्रमाणन के लिए केंद्र का मूल्यांकन कई महत्वपूर्ण मानकों पर किया गया, जिनमें सेवा प्रदाय एवं मरीज अधिकार, मानव संसाधन व आधारभूत संरचना, क्लिनिकल सेवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, औषधि एवं लॉजिस्टिक्स, रिकॉर्ड संधारण, रेफरल प्रणाली तथा गुणवत्ता प्रबंधन शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद ही यह प्रमाणन प्रदान किया गया।
सामूहिक प्रयास की सफलता
इस उपलब्धि के पीछे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का सामूहिक समर्पण प्रमुख रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव सहित पूरी स्वास्थ्य टीम, यूनिसेफ छत्तीसगढ़, स्टेट क्वालिटी सेल, जीवन दीप समिति, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और मितानिनों ने मिलकर इस लक्ष्य को हासिल किया।
विश्वास बढ़ाएगी उपलब्धि
विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपलब्धि से वनांचल क्षेत्र के लोगों का शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। साथ ही जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी गुणवत्ता सुधार और NQAS प्रमाणन की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ “गुणवत्ता के साथ स्वास्थ्य सेवा” का लक्ष्य निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।


